

मेरठ में छात्रों की गूंज’ अभियान को मेरठ में मिल रहा जबरदस्त समर्थन, दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में जुड़े छात्र
मेरठ। कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के अंतर्गत दूसरे दिन भी मेरठ में छात्रों का उत्साहपूर्ण समर्थन देखने को मिला। शहर संयोजक अवनीश काजला के नेतृत्व में मेरठ एक्शन टीम ने जनपद के विभिन्न कॉलेजों एवं आईआईएमटी विश्वविद्यालय में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर छात्रों से संवाद किया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों ने मिस्ड कॉल देकर एवं पंजीकरण फॉर्म भरकर अभियान से जुड़ते हुए अपना समर्थन दर्ज कराया।
छात्रों का अभूतपूर्व सहयोग
शहर संयोजक अवनीश काजला ने बताया कि दूसरे दिन भी अभियान को छात्रों का अभूतपूर्व सहयोग मिला। बड़ी संख्या में छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था, बेरोज़गारी और विशेष रूप से लगातार हो रहे पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर अपनी आवाज़ बुलंद करने के लिए अभियान से जुड़ने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि युवाओं में शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर गहरी चिंता और नाराज़गी है तथा छात्र अब अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ उठाना चाहते हैं। अभियान के दौरान मेरठ एक्शन टीम ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों, छात्रावासों (हॉस्टल) तथा चाय की दुकानों पर छात्रों से संवाद कर उन्हें आगामी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
ये रहे मौजूद
अभियान में मुख्य रूप से शहर संयोजक अवनीश काजला, सहरयाब मुखिया, अजय चौधरी, सोहराब पठान, अज़ीम प्रधान, इमरान अख्तर, सुमित विकल, जुबैर खान, वासु चौधरी, हमजा चौहान एवं सोनम रानी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


