
हस्तिनापुर विधानसभा को लेकर संगठन की समीक्षा बैठक में त्रिलोक त्यागी बोले बूथ स्तर तक हो मजबूती
मेरठ। साल 2027 के यूपी विधानसभा के मद्देनजर रालोद नेताओं की नजर रिर्जव सीट हस्तिनापुर पर है। हस्तिनापुर सीट को लेकर जिस प्रकार से रालोद नेता हाथ-पांव मार रहे हैं उसके बाद सवाल पूछा जाने लगा है कि रालोद नेताओं का पसीना बहाना किसका खेल खराब करेगा। इस सीट की बात करें तो यहां से समाजवादी पार्टी से बड़ा दलित चेहरा माने जाने वाले योगेश वर्मा पूर्व विधायक को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। उनके बाद भाजपा की यदि बात करें तो वर्तमान विधायक और राज्यमंत्री दिनेश खटीक को कमतर आंकना भूल होगी। अभी तक योगेश वर्मा और दिनेश खटीक को ही आमने सामने माना जा रहा था, लेकिन एकाएक रालोद की एंट्री ने हलचल मचा दी है। यहां यह साफ कर दें कि रालोद अब एनडीए का हिस्सा है और भाजपाइयों का कहना है कि रालोद के लोकन नेता कुछ भी दावे करें हस्तिनापुर सीट भाजपा के हिस्से में पहले से तय है।
रालोद की बैठक
राष्ट्रीय लोकदल के हस्तिनापुर क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक समीक्षा बैठक संजय, रसूलपुर, योगीपुरम, शोभापुर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष त्रिपाल मलिक की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) त्रिलोक त्यागी उपस्थित रहे। त्रिलोक त्यागी जी ने कहा कि एनडीए उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए और प्रत्येक बूथ पर सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जाए।उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से होती है। इसलिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथ कमेटियों का गठन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठनात्मक समन्वय को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। बैठक में हस्तिनापुर विधानसभा की अलग से समीक्षा की गई। ।उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विधानसभा सीट पर बूथ स्तर तक मजबूत एवं सक्रिय बूथ कमेटियों का गठन शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर आपसी समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। बैठक का संचालन मंडल अध्यक्ष इंदीवीर भाटी ने किया। बैठक में हस्तिनापुर क्षेत्र के 9 जिलों के जिला अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं सभी प्रकोष्ठों के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहित संगठन के प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


