कागजी और डमी स्कूलों को हटाने के लिए एक बड़ा ‘क्लीनिंग ऑपरेशन’, (मेरठ क्षेत्र) के सर्वाधिक 102 स्कूलों पर गाज
मेरठ/प्रयागराज।उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था से कागजी और डमी स्कूलों को हटाने के लिए एक बड़ा ‘क्लीनिंग ऑपरेशन’ चलाया है। इस कार्रवाई के तहत प्रदेश के 465 स्कूलों की मान्यता को समाप्त किया गया है, जिसमें प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले मेरठ मंडल (मेरठ क्षेत्र) के सर्वाधिक 102 स्कूलों पर गाज गिरी है। सूत्रों ने बताया कि कई अन्य पर मान्यता समाप्ति की तलवार लट रही है। इसको लेकर कार्रवाई अंतिम दौर में बतायी जा रही है। बोर्ड सचिव के आदेश के बाद इन स्कूलों की लॉग-इन आईडी ब्लॉक कर दी गई है और नए प्रवेशों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। शिक्षा विभाग की आंतरिक जांच में इन स्कूलों की मान्यता रद्द के गंभीर कारण बताए गए हैं।
लगातार दो वर्षों तक शून्य नामांकन
जांच में पाया गया कि मेरठ मंडल के इन 102 स्कूलों में शैक्षिक सत्र 2024-25 और 2025-26 के दौरान एक भी छात्र का दाखिला नहीं हुआ था। कई स्कूल केवल कागजों पर या किसी अन्य व्यावसायिक गतिविधि के लिए मान्यता का प्रमाण पत्र दबाकर बैठे थे, जबकि व्यावहारिक रूप से वहां कोई छात्र पंजीकृत नहीं था। यूपी बोर्ड से संबद्ध स्कूलों की यह जिम्मेदारी होती है कि वे प्रत्येक वर्ष कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) और कक्षा 12वीं (इंटरमीडिएट) के पात्र छात्रों की नामावली तैयार कर उन्हें मुख्य परीक्षाओं में शामिल कराएं। पिछले दो शैक्षणिक वर्षों की मुख्य परीक्षाओं के डेटा का मिलान करने पर पता चला कि इन स्कूलों से एक भी परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में नहीं बैठा यह इस बात का पुख्ता सबूत था कि स्कूल पूरी तरह से निष्क्रिय हैं।
डीआईओएस के भौतिक सत्यापन में फेल
जिला विद्यालय निरीक्षक की टीमों द्वारा किए गए औचक और नियमित निरीक्षणों में भौतिक सत्यापन फेल पाया गया। इन स्कूलों में निर्धारित समय-सारणी के अनुसार नियमित रूप से कक्षाएं नहीं चलाई जा रही थीं। कई स्कूलों के भवन बंद पाए गए या वहां शैक्षणिक माहौल का पूरी तरह अभाव था। कोई भी माध्यमिक विद्यालय मान्यता तभी बरकरार रख सकता है जब वह बोर्ड के भौतिक और शैक्षणिक मानकों को पूरा करे। शून्य छात्र संख्या होने के कारण इन स्कूलों ने न तो जरूरी शिक्षकों की नियुक्ति की थी और न ही स्कूलों में प्रयोगशाला, खेल का मैदान, लाइब्रेरी या सुरक्षा मानकों का रखरखाव किया जा रहा था।
इन नियमों में मान्यता समाप्त
अधिनियम के अध्याय 7 के विनियम 11(घ) (रूल 11-डी) में यह स्पष्ट रूप से उल्लिखित है कि यदि कोई मान्यता प्राप्त स्कूल लगातार दो वर्षों तक कक्षाएं संचालित करने में विफल रहता है या बोर्ड परीक्षा में अपने छात्रों को नहीं भेजता, तो उसकी मान्यता ‘स्वतः समाप्त’
मान ली जाएगी। मेरठ में जिन स्कूलों की मान्यता समाप्त हुई है उनमें से ज्यादातर ऐसे ही हैं। बोर्ड ने इसी नियम के आधार पर कोई नया नोटिस जारी किए बिना, स्वतः ही इनकी मान्यता को निरस्त घोषित कर दिया है।


