सड़कों पर कब्जे करने वालों को दौड़ाया

Shekhar Sharma
3 Min Read

बेगमपुल के लालकुर्ती इलाके में नगर निगम व कैंट बोर्ड का संयुक्त अभियान

मेरठ। महानगर के सबसे व्यस्त और प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में शुमार लालकुर्ती और बेगमपुल इलाके में सड़कों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कैंट बोर्ड, नगर निगम और प्रवर्तन दल ने पुलिस फोर्स के सहयोग से संयुक्त रूप से एक बड़ा अभियान चलाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई इस सख्त कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान सड़कों और फुटपाथों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेलों, खोखों और दुकानों के बढ़े हुए हिस्सों को बलपूर्वक हटा दिया गया।
नगर निगम की सहायक नगरायुक्त तनुजा मिश्रा और प्रवर्तन दल के कर्नल संजीव सिंह तोमर, लेखपाल राजकुमार, रूद्रेश, हरबीर सिंह कर्नल व कैंट बोर्ड के रेवेन्यू स्टन ने शुक्रवार को लालकुर्ती और बेगमपुल क्षेत्र में लंबे समय से लग रहे जाम और सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। इसके निवारण के लिए शुक्रवार को कैंट बोर्ड के अधिकारी, नगर निगम की टीम और प्रवर्तन दल के जवान भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। टीम को देखते ही अवैध रूप से दुकानें लगाने वाले वेंडर्स और अतिक्रमणकारियों में भगदड़ मच गई। कई दुकानदार खुद ही अपना सामान समेटते नजर आए। प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए सड़कों पर राहगीरों के लिए बाधा बन रहे दर्जनों अवैध ढांचों को ढहा दिया और कई दुकानों के बाहर अवैध रूप से रखे सामान को जब्त कर लिया। अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि दोबारा सड़कों या फुटपाथों पर अतिक्रमण किया गया, तो न केवल सामान जब्त होगा बल्कि भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जाम की समस्या से मिलेगी मुक्ति

बेगमपुल और लालकुर्ती मेरठ के ऐसे इलाके हैं जहां सुबह से लेकर देर रात तक वाहनों का भारी दबाव रहता है। सड़कों के दोनों ओर अवैध कब्जों के कारण राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो गया था और हर समय जाम की स्थिति बनी रहती थी। स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है, हालांकि कुछ छोटे व्यापारियों ने बिना वेंडिंग जोन दिए अचानक की गई इस कार्रवाई पर नाराजगी भी जताई है। नगर निगम और कैंट बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि शहर को जाम मुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
वर्जन

नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि शहर की सड़कों पर कब्जे कराने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। इससे यातायात में राहत मिलेगी। इससे पहले कैंट बोर्ड प्रवक्ता जयपाल तोमर ने बताया कि पिछले दिनों सदर बाजार इलाके में सड़क पर दुकान का सामान रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस अभियान की उन्होंने वीडियो भी दिखाई।

TAGGED:
Share This Article