
‘छात्रों की गूंज’ अभियान को मेरठ में मिल रहा अभूतपूर्व समर्थन, पांचवें दिन भी छात्रों ने बढ़-चढ़कर निभाई सहभागिता, कल निकाला जायेगा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से छात्र आक्रोश मार्च
मेरठ। कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के पांचवे दिन भी मेरठ में छात्रों का उत्साह लगातार देखने को मिला। शहर संयोजक अवनीश काजला के नेतृत्व में मेरठ एक्शन टीम ने जनपद के विभिन्न कॉलेजों एवं शिक्षण संस्थानों में जनसंपर्क अभियान चलाकर छात्रों से सीधा संवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्रों ने मिस्ड कॉल और पंजीकरण फॉर्म के माध्यम से अभियान से जुड़कर अपना समर्थन दर्ज कराया। शहर संयोजक अवनीश काजला ने कहा कि अभियान को लगातार मिल रहा छात्रों का समर्थन इस बात का प्रमाण है कि युवा शिक्षा, रोजगार और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर हैं। विशेष रूप से बार-बार हो रहे पेपर लीक, बढ़ती बेरोज़गारी और शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को लेकर छात्रों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने कहा कि छात्र अब अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक और संगठित तरीके से आवाज़ उठाने का मन बना चुके हैं।अभियान के दौरान मेरठ एक्शन टीम ने विभिन्न कॉलेजों, छात्रावासों (हॉस्टलों) और सार्वजनिक स्थलों पर छात्रों से संपर्क कर उन्हें आगामी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
ये रहे मौजूद
अभियान में मुख्य रूप से शहर संयोजक अवनीश काजला, अल्तमस त्यागी, सहरयाब मुखिया, अजय चौधरी, सोहराब पठान, अज़ीम प्रधान, इमरान अख्तर, सुमित विकल, जुबैर खान, वासु चौधरी, हमजा चौहान एवं सोनम रानी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


