

मेरठ की सालों पुरानी परंपरा का दे दी गयी बली, लेडीज पार्क के तीज मेले में दूर-दराज से पहुंची हैं महिलाएं
मेरठ। ट्रिपल इंजन सरकार का दम भरने वाले महापौर और भाजपा के तमाम पार्षद मिलकर सावन के महीने में हिन्दुओं खासतौर से हिन्दू महिलाओं के बड़े पर्व तीजो के मौके पर बच्चापार्क में लगने वाले तीजो के मेले का आयोजन नहीं करा सके। आरोप है कि इसमें कुछ मिलना मिलाना नहीं होता है, इसलिए किसी ने कोई खास तवज्जो नहीं दी, लेकिन इस साल लेडीज पार्क में तीजो का मेला ना लगने से तमाम हिन्दू महिलाएं खासी उदास हैं और नगर निगम में ट्रिपल इंजन सरकार होने का दम भरने वालों को कोस रही हैं। इन महिलाओं का ही कहना है कि जिस काम में कमीशन नहीं मिलता है ट्रिपल इंजन सरकार वाले आमतौर पर उससे दूर ही रहते हैं। तीजो मनाना हिन्दुओं में एक धार्मिक रस्म भी मानी जाती है और ट्रिपल इंजन वाली नगर निगम की भापजा सरकार में हिन्दू महिलाएं इस रस्म को पूरी नहीं कर सकीं।
जिम्मेदार कौन
हिन्दुओं के पर्व तीजो पर मेला नहीं लगा इससे हिन्दू महिलाएं सालों से चली आ रही परंपरा से वंचित रह गयीं। इसके लिए जिम्मेदार नगर निगम के अफसर या भाजपा के वो नेता जो हर वक्त हिन्दुओं का दम भरते हैं या फिर वो हिन्दू संगठन जो हिन्दुत्व के नाम पर किसी को भी पीट छेत देते हैं। तीजो का मेला नहीं लगा इसके बाद भी ऐसे लोगों का हिन्दू प्रेम नहीं जागा। जो महिलाएं लेडीज पार्क पहुंची थीं उनमें से तमाम कह रही थीं कि नेता भी उसी काम में हाथ डालते हैं जिसमें कुछ फायदा नजर आता हैं। जो बदइंतजामी थी इसको समय रहते हुए दूर भी किया जा सकता था। यहां पर किसी मंत्री का कार्यक्रम होता तो रात रात पार्क भी ठीक हो जाता और पानी भी सूख जाता, लेकिन तीजो के मेले में कोई फायदा नहीं नजर आया इसलिए किसी ने कोई रूचि नहीं ली। हालांकि निगम पार्षद कीर्ति घोपला और संजय सैनी ने बताया कि समय रहते लेडीज पार्क की मरम्मत करायी जानी चाहिए थी। वहीं दूसरी ओर भाजपा के फायर ब्रांड नेता और संयुक्त व्यापार संघ के मंत्री अंकुर गाेयल ने तीजो पर मेला ना लग पाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यूपी में सीएम योगी के होते हुए अफसर यदि हिन्दुओं के पर्व पर लगने वाले मेले को नहीं लगवा सके तो इसकी जिम्मेदारी तय हाेनी चाहिए। उन्होंने बताया कि वह इस संबंध में महापौर से मिलेंगे। मेला ना लग पाने को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
जबरदस्त जश्न का होता है माहौल
हरियाली तीज पर हर साल महिला बच्चा पार्क में लगने वाला तीज महोत्सव इस बार अव्यवस्थाओं के चलते नहीं लगाया गया। पार्क के पीछे की पूरी दीवार करीब एक महीने से टूटी पड़ी थी। वहीं बारिश के बाद पूरे पार्क में जलभराव और कीचड़ हो गई। समय रहते न तो पार्क की सफाई कराई गई और न ही जलभराव से निपटने की कोई तैयारी की गई। टूटी दीवार की मरम्मत का काम भी तीज से सिर्फ दो दिन पहले शुरू कराया गया। ऐसे में पार्क में तीज महोत्सव का आयोजन नहीं हो सका। बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे महोत्सव में शामिल होने की उम्मीद लेकर महिला बच्चा पार्क पहुंच गए। पार्क का गेट बंद मिला और अंदर की बदहाल स्थिति देखकर उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। तीजों के इस मेले में लेडीज पार्क में हर साल डीजे और ढोल का इंतजाम रहता था, जिस पर महिलाएं सावन के गीतों पर जमकर डांस करती थीं। पिछले वर्ष मनोरंजन के लिए पार्क में 24 झूले लगाए गए थे ,लेकिन इस बार पार्क की बदहाल स्थिति के कारण आयोजन नहीं हो सका।


