मेरठ। । 21वें पार्थेनियम जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत भाकृअनुप-केंद्रीय गोवंश अनुसंधान संस्थान, मेरठ में पार्थेनियम जागरूकता एवं उन्मूलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के निदेशक डॉ. अशोक कुमार मोहंती के निर्देशन में हुई। इस अवसर पर निदेशक डॉ. अशोक कुमार मोहंती ने पार्थेनियम (गाजर घास) की पहचान, प्रसार एवं नियंत्रण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
पशु स्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव
उन्होंने पार्थेनियम से होने वाले मानव एवं पशु स्वास्थ्य पर दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया तथा इसके प्रभावी एवं समेकित प्रबंधन के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। उन्होंने सभी कार्मिकों से पार्थेनियम के उन्मूलन के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का आह्वान किया। जागरूकता कार्यक्रम के पश्चात संस्थान की अमृत वाटिका के आसपास पार्थेनियम उन्मूलन की गतिविधि आयोजित की गई। यह गतिविधि शाम 05:00 बजे आयोजित हुई, जिसमें संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सोनम द्विवेदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पार्थेनियम के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा संस्थान परिसर को स्वच्छ एवं पार्थेनियम मुक्त बनाए रखने का संदेश दिया गया।


