ज्ञानेश के खिलाफ प्रदर्शन कई कांग्रेसी हाउस अरेस्ट

Shekhar Sharma
6 Min Read

‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ के हेलमेट के साथ बुलेट पर पहुंची पूनम पंड़ित मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी

मेरठ। एसआईआर को लेकर उठे बवाल के चलते आज मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसी आज पुराने रंग में नजर आए। प्रदर्शन से पहले कई कांग्रेसी नेता हाउसअरेस्ट कर लिए गए। उनके घरों पर भारी पुलिस फोर्स लगा दी गयी। कांग्रेस की जिला व शहर इकाई ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। कांग्रेसी कचहरी स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचे और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर जबरदस्त नारेबाजी और हंगामा किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों के बीच झड़प होने लगीं। दरअसल कांग्रेस के कार्यकर्ता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को अरेस्ट किए जाने को लेकर सख्त नाराज थे। उन्होंने जमकर भडास निकाली। यह देखकर कुछ पुलिस वाले आवेश में आ गए और यही से दोनों के बीच टकराव की स्थिति बन गयी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच बहस हो गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल पद से हटाया जाए और उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों की निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा व पीसीसी सदस्य अनिरुद्ध त्यागी ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।

जमकर निकाली मोदी सरकार पर भड़ास

प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता नारे लगा रहे थे—“गली-गली में शोर है, ज्ञानेश चोर है।” “ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में हुए सभी चुनाव अवैध घोषित करो।” “लोकतंत्र बचाओ, भारत बचाओ।” “वोट चोर कहाँ मिलेंगे—भाजपा के दफ्तर में।” “चंदा चोर कहाँ मिलेंगे—भाजपा के दफ्तर में।” “लोकतंत्र की हत्या बंद करो।” “भाजपा होश में आओ।” “राहुल गांधी जिंदाबाद, प्रियंका गांधी जिंदाबाद।” “मल्लिकार्जुन खड़गे जिंदाबाद।” “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद।”

कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता सर्वोच्च महत्व रखती है। यदि चुनाव प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में सवाल खड़े होते हैं तो केंद्र सरकार को उन सवालों का जवाब देना चाहिए, न कि सवाल उठाने वालों को दबाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधीव प्रियंका गांधी जी और इंडिया गठबंधन के सांसदों के साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर लोकतंत्र और संविधान पर होने वाले हमले को स्वीकार नहीं करेंगे। मनजीत सिंह कोछाड़ ने कहा कि देश की जनता अपने मताधिकार की सुरक्षा चाहती है। निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों का जवाब पारदर्शी तरीके से दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखेगी। ठाकुर तेजवीर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के बजाय जनता के सवालों का जवाब दे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना हर नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है। विपक्षी नेताओं और सांसदों के साथ बल प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। रॉबिन नाथ गोलू ने कहा कि देश का मतदाता अपने वोट की पवित्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा चाहता है। चुनाव प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक सवाल की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर लोकतंत्र की रक्षा का संदेश पहुंचाएंगे। पूनम पंडित ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और संविधान की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि जनता के वोट की ताकत से ही सरकारें बनती हैं और उसी वोट की रक्षा सबसे जरूरी है। तेजपाल डाबका ने कहा कि भाजपा सरकार को विपक्ष की आवाज दबाने की नीति छोड़नी होगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं, इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए मजबूती से खड़े रहें।

जिला व शहर अध्यक्ष हाउस अरेस्ट

जिला में महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को हाउस अरेस्ट करने के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों में हरिकिशन वर्मा,अनिरुद्ध त्यागी, आमिर रजा, डॉ दिनेश मोहन शर्मा,पूनम पंडित, सपना सोम, चौधरी यशपाल सिंह,तेजपाल डाबका, कमल जायसवाल, मंजीत सिंह कोचड़,सलीमुद्दीन शाह,ठाकुर तेजवीर सिंह,सुएब सबरी,अविनाश पवार,रविंद्र सिंह,रवींद्रनाथ गोलू,अनिल अरोड़ा, डॉ प्रभात कुमार,राहुल जडोदिया,संदीप कुमार शर्मा,कुलदीप शर्मा, हरिकिशन प्रजापति,विनोद शर्मा,मुरसलीम चौहान, सचिन शर्मा,विनोद शर्मा, शक्ति सिंह,ज्ञानेंद्र भड़ाना,रवीश कुमार, सर्वेश पुंडीर,मासूम असगर, सुनीता मण्डल,नवीन गुजर्र, विजय चिकारा, निसार अब्बासी आदि सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

TAGGED:
Share This Article