मंदिर महादेव से श्रीकृष्ण शोभायात्रा

Shekhar Sharma
4 Min Read

113 सालों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर किया जाता है आयोजन, शहर सर्राफा से निकाली गयी शोभायात्रा

मेरठ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर शहर सर्राफा बाजार आज फूलडोल शोभायात्रा निकाली गयी। यह आयोजन पिछले 113 सालों से किया जा रहा है। शोभायात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु व नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। शोभायात्रा का शुभारंभ सायं 04:00 बजे मंदिर श्री महादेव जी, सर्राफा बाजार से पंड़ित रविकांत शास्त्री द्वारा विधि-विधान से पूजन के उपरांत हुआ। पूजन के साथ ही पूरा सर्राफा बाजार जय श्रीकृष्ण, राधे-राधे के जयघोषों से गूंज उठा। शोभायात्रा अपने परंपरागत मार्ग कागजी बाजार, लाला का बाजार, वैली बाजार, पुन: सर्राफा बाजार, बजाजा बाजार, गुदड़ी बाजार, तहसील, पुरानी तहसील थाना कोतवाली, सुभाष बाजार, बीरू कुआं, खतरीयों का चौक, बाबा खाकी, शीशमहल, लाला का बाजार, वैली बाजार होते हुए मंदिर महादेव चौक, सर्राफा बाजार पर संपन्न हुई।

छतों से हुई पुष्प वर्षा

भक्तों को आशीर्वाद देने के लिए आज भगवान श्री राधा-कृष्ण जी नगर भ्रमण पर निकले तो ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं वृंदावन मेरठ की धरा पर उतर आया हो। पूरे शोभायात्रा मार्ग पर अभूतपूर्व धार्मिक उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु महिलाओं ने बड़ी संख्या में अपने घरों की छतों, बालकनियों और छज्जों से शोभायात्रा के दर्शन किए तथा भगवान पर पुष्पवर्षा की। मार्ग के सभी घरों के बाहर श्रद्धालुओं ने आकर्षक रंगोली सजाकर, साफ-सफाई कर तथा विद्युत झालरों से प्रकाश व्यवस्था कर भगवान का स्वागत किया। जगह-जगह भगवान की आरती उतारी गई और प्रसाद वितरित किया गया। शोभायात्रा में सर्वप्रथम ताशा, बैनर, श्री गणेश जी महाराज का रथ, श्री हनुमान जी का रथ, मोर रास, माँ दुर्गा जी का सीन, भगवान श्रीराम जी का भव्य रूप, भगवान श्री विष्णु जी का विराट स्वरूप, सांवरिया सेठ जी की रासलीला आकर्षण का केंद्र रहे।इस दौरान श्री जगन्नाथ जी के भव्य रथ के आगे वृंदावन से पधारी विशेष कीर्तन मंडली द्वारा सुमधुर भजनों एवं संकीर्तन से समूचा वातावरण कृष्णमय हो गया। दिल्ली से आमंत्रित प्रसिद्ध पंजाब बैंड ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। चांदी के 11 किलोग्राम के पालने में झूलते लड्डू गोपाल जी के दर्शन कर श्रद्धालु निहाल हो उठे। उनके आगे इस्कॉन की कीर्तन मंडली ने भी भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। शोभायात्रा में 6 प्रसाद के डोलों की विशेष व्यवस्था रही, जिसमें खिलौनों का प्रसाद अजय कंसल जी द्वारा, मधुबनी खस्ता-कचौरी प्रसेन सर्राफ द्वारा, खस्ता-कचौरी व दम आलू रजत गुप्ता एवं अजय गुप्ता द्वारा तथा बंगाली रसगुल्ला महाशक्ति ज्वैलर्स द्वारा वितरित किया गया। शोभायात्रा में 6 बैंड, 2 शहनाई एवं 6 सखियों के साथ भगवान श्री राधा-कृष्ण जी भव्य रथ पर शोभायमान थे। शोभायात्रा का सजीव वर्णन विजय आनन्द अग्रवाल द्वारा किया गया।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, लोकसभा सांसद अरुण गोविल, छावनी विधायक अमित अग्रवाल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, पूर्व विधायक प्रत्याशी कमलदत्त शर्मा,भाजपा के शहर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री पंडित सुनील भराला, संयुक्त व्यापार संघ के नवीन गुप्ता जी, पार्षद संदीप गोयल,पार्षद पंकज,फूलडोल कमेटी के प्रधान रमेशचंद राठी, महामंत्री मनोज कुमार सर्राफ, मुख्य संयोजक गौरव शारदा, कोषाध्यक्ष अनिल रस्तोगी, मुख्य परामर्शदाता विजय आनन्द अग्रवाल, नरेश चंद्र माहेश्वरी, उप प्रधान प्रदीप कुमार अग्रवाल, अशोक दिल्ली वाले, अनिल वर्मा, राजीव माहेश्वरी, मंत्री निखिल शारदा, प्रेम चौरसिया, शुभम गुप्ता, अक्षय गर्ग, सुमित अग्रवाल, संयोजक राजीव मूंदड़ा, आशुतोष अग्रवाल, पारस रस्तोगी, दिव्यांशु अग्रवाल, आशुतोष शर्मा, विशेष सहयोगी आदित्य शारदा, संजय ऐरन, श्रृंगारि सुनील कुमार चौरसिया, पीयूष गर्ग, सुरेंद्र कुमार चौरसिया आदि मौजद रहे।

TAGGED:
Share This Article