बड़ी देर कर दी मेहरबां आते आते

Shekhar Sharma
5 Min Read

चुनाव की आहट सुनाई दी तो अवतार भडाना को याद आ गया सेंट्रल मार्केट, लाेगों ने पूछा अब तक कहां थे हुजूर

मेरठ। राजनीति के मौसम का मिजाज भांपकर राजनीतिक दल का फैसला लेने वाले अवतार सिंह भडाना को एकाएक सेंट्रल मार्केट की याद आ गयी। शास्त्रीनगर और खासतौर से सेंट्रल मार्केट के लोग अब कह रहे हैं कि बहुत देर कर दी मेहरबां आते आते। जब सब कुछ बर्बाद हो गया। आवास विकास परिषद की जेसीबी जब सैंट्रल मार्केट के 661/6 पर गरज रही थी। व्यापारी और उनके परिवार मदद के लिए बिलख रहे थे तब अवतार सिंह भडाना को सैंट्रल मार्केट की याद क्यों नहीं आयी। कुछ दिन पहले आवास विकास परिषद की जेसीबी ने सैटबैक के नाम पर कई मकानों में जमकर तोड़फोड़ की जब भी अवतार सिंह भडाना को व्यापारियों की याद नहीं आयी अब एकाएक उन्हें दक्षिण विधानसभा क्षेत्र जिस पर भाजपा से डा. सोमेन्द्र तोमर विधायक और स्वतंत्र प्रभार मंत्री हैं, कैसे याद आ गयी। लोगों का कहना है कि ये पब्लिक है सब जानती है..

ये हुआ

शास्त्री नगर के सेक्टर दो में सैटबैक के आवास विकास के नोटिसों के खिलाफ करीब 80 दिन से धरने पर बैठी महिलाओं के बीच पूर्व सांसद अवतार सिंह भडाना महिलाओं के बीच पहुंचे। वहां उन्होंने मौजूद महिलाओं को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और कहा कि जल्द ही आपको राहत दिला आपके बीच फिर से आऊंगा। अवतार भड़ाना ने महिलाओं से कहा कि इस क्षेत्र ने मेरे बुरे वक्त में मेरा साथ दिया है और मुझे जैसे ही पता चला कि मेरा यह परिवार यहां मुसीबत में है तो मिलने चला आया। वहीं देर से आने पर उन्होंने कहा कि वह अस्वस्थ थे जिसके चलते उनको पता नहीं चला था कि यहां लोगों के घर व्यापार खत्म होने की कगार पर हैं। लेकिन इसको लेकर पूर्व सांसद ने यह नहीं बताया कि सुप्रीमकोर्ट के आदेश के खिलाफ कैसे और किससे व किस मार्फत यहां के लोगों की मदद कराएंगे। सत्ताधारी दल के तमाम मंत्री, सांसद, विधायक यहां आए। यहां के लोगों की सीएम से मुलाकात भी करायी। उसके बाद भी मकानों पर जेसीबी की कार्रवाई रुकवाने की रूर्रत कोई नहीं कर पाया। तो फिर किस बिना पर पूर्व सांसद दावे कर रहे हैं। उन्होंने सीएम से मिलने की बात भी कहीं, लेकिन शायद उन्हें किसी ने बताया नहीं कि सीएम से तो भाजपा के कई नेता इस मसले पर कई बार मिल चुके हैं, लेकिन कोई मदद नहीं मिली ना ही मकानों का तोड़ना रोका जा सका। सैंट्रल मार्केट पूरी तरह से वीरान होने के कगार पर है। कांग्रेस के टिकट पर सांसद बने अवतार सिंह भडाना ने दावा किया कि सीएम के सामने हाथ जोड़कर आपके मकानों की रक्षा की गुहार लगाऊंगा।

भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर भडास

भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए अवतार भड़ाना ने कहा कि यदि सरकार और उसके जनप्रतिनिधि लोगों की पीड़ा को समझते, तो ऐसी नौबत नहीं आती। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित लोगों पर अन्याय हुआ है और वह हर तरह के जुल्म के खिलाफ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आगे आकर पीड़ित परिवारों की मदद करनी चाहिए।वहीं 2027 के चुनाव के बारे मे सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि न तो मैं यहां किसी राजनैतिक मंशा से आया हूं और न ही अभी मैंने कुछ तय किया है कि मैं कहां से चुनाव लड़ूंगा, मैं मेरठ के इन लोगों को परिवार समझता हूं इसलिए इनकी परेशानी में इनके बीच पहुंचा हूं। अवतार भडाना के साथ शहर कांग्रेस के कई पदाधिकारी भी मौजूद थे।

कांग्रेस के हिस्से में दक्षिण विस सीट

उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव के मद्देनजर इंडिया गठबंधन का हिस्सा समाजवादी पार्टी ने दक्षिण विधानसभा सीट को कांग्रेस को देने के संकेत दिए हैं। इसके बाद इस सीट को लेकर कांग्रेस के कई नेता रातों रात सक्रिय हो गए हैं। आने वाले दिनों में इस विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेसियों की गतिविधियां और ज्यादा नजर आएंगी।

TAGGED:
Share This Article