अफसरों ने हाइवे किया फोर्स के हवाले

Shekhar Sharma
6 Min Read

एनएच-58 की तमाम नॉनवेज की दुकानें व होटल बंद करने का फरमान, अफसरों ने हाइवे किया फोर्स के हवाले

मेरठ। सुरक्षा कारणों के चलते हाइवे और रुड़की रोड को अफसरों ने आज पुलिस फोर्स के हवाले कर दिया है। वहीं दूसरी ओर कांवड़ की आमद शुरू हो गयी है। जो कांवड़ पहुंची रही हैं उनमें से ज्यादातर दूसरे राज्यों तक पहुंचने वाली भारी भरकम कांवड़ हैं। इनको लाने वाले शिव भक्तों ने बताया कि मंजिल दूर होने और मौसम में गर्मी होने की वजह से उन्होंने आठ दिन पहले हरिद्धार से कांवड़ उठायी। कांवड़ के वजन के बारे में पूछने पर बताया एक कांवड़ को दो शिव भक्तों को उठाना पड़ रहा है। वजह बहुत ज्यादा होनें की वजह से ज्यादा दूर तक कांवड़ उठाकर नहीं चल पाते हैँ। इसके अलावा गर्मी होने की वजह दिन आराम करने में बीतता है। कहीं भी सड़क किनारे माकूल जगह देखकर कमर सीधी करने का ठिकाना बना लेते हैं। उसके बाद जैसे ही सूरज ठलना शुरू होता है और मौसम भी अनकूल हो जाता है तभी स्नान के बाद आगे का सफर शुरू कर देते हैं। बीती दो दिनों के दौरान दूसरे राज्यों की ऐसी करीब तीन सौ पैदल कांवड़ अब तक वाया मेरठ होकर गुजर चुकी हैं। भारी कांवड़ों के पीछे कार सरीखी का कोई वाहन होता है।

जगह-जगह फोर्स तैनात

हाइवे को भारी वाहनों के लिए २९ जुलाई की रात १२ बजे के बाद से बंद किया जाएगा, लेकिन कांवड़ों की आमद शुरू होने के बाद पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इसके अलावा कांवड़ यात्रा मार्ग पर जगह-जगह आज पुलिस वाले भी बैठा दिए गए हैं। परतापुर से लेकर सिवाया डाल प्लाजा पर जगह-जगह खासतौर से रुड़की रोड पर अधिक संख्या में कांवड़ियों की सुरक्षा व मदद के लिए पुलिस वाले नजर आ जाएंगे। अभी रुड़की रोड पर पुलिस वाले अधिक संख्या में नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर मोदीपुरम पुलिस चौकी के समाने फ्लाई ओवर के नीचे नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसी प्रकार का एक अन्य नियंत्रण कक्ष जो पुलिस प्रशासन का है उसको काली पलटन बाबा औघड़नाथ मंदिर के सामने पार्किग स्थल पर बनाया गया है। वहां भी फोर्स लगा दी गयी है।

नॉन वेज को लेकर सख्ती

कांवड़ यात्रा के मद्देनजर आज डीएम डॉ. वीके सिंह राउंड पर थे। उसके बाद हाइवे तथा पल्लवपुरम के सामने नॉनवेज की दुकान व होटल ढावा संचालको ंको पुलिस ने कांवड़ यात्रा संपन्न होने तक नॉन वेज की सेल ना करने की ताकीद की है। कंकरखेड़ा की चौकी हाइवे के सामने कुछ होटल व ढावों पर जहां नॉन वेज बेचा जाता है, उन्होंने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर नॉन वेज की बिक्री बंद की जा रही है। कांवड़ मार्ग और चौराहों पर मांस और शराब की दुकानें संचालित नहीं होंगी। आबकारी विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि इन नियमों का कड़ाई से पालन हो। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा को इस संबंध में सख्त निर्देश दिए गए हैं, और वे नियमित जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग यह भी सुनिश्चित करेगा कि ढाबों के लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेज स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हों। कांवड़ मार्ग पर बिना लाइसेंस के कोई भी सामान बेचने की अनुमति नहीं होगी। सभी विक्रेताओं को अपनी रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करनी होगी, ताकि कांवड़ियों और विक्रेताओं के बीच किसी भी विवाद से बचा जा सके और शांति व्यवस्था बनी रहे। वहीं दृसरी ओर कयास लगाए जा रहे है कि पांच अगस्त के बाद हाइवे पर कांवड़ियों संख्या तेजी से बढ़ने लगेगी। इसी के मद्दे नजर सुरक्षा इंतजाम भी किए जा रहे हैं। जिसके मद्देनजर सभी सेक्टरों में मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी असामाजिक तत्व यात्रा में बाधा न डाल सके। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इंतजामों में पावर अव्वल

कांवड़ यात्रा के चलते सुरक्षा इंतजाम करने पर इस बार पीवीएनएल आगे नजर आ रहा है। हाइवे समेत पूरे जनपद में जहां-जहां से भी शिव भक्त गुजरते हैं, वहां खंबों पर नीली पन्नी लगा दी गयी है। करीब दस फुट से ऊंची नीली पन्नी को मजबूती से लगाया गया है और वहां बाकायदा सावधान खतरा के बडे-बड़ें स्टीकर भी चस्पा किए गए हैं। पीवीवीएनएल एमडी रवीश गुप्ता ने बताया कि पावर बोर्ड की मरम्मत, ढीले तारों को कसने, ट्रांसफार्मरों को कवर करने और अन्य आवश्यक इंस्टॉलेशन का काम लगभग पूरा हो चुका है। सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

शिविर संचालकों ने मांगी अनुमति

प्रशासन की ओर से कहा गया है कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर जो परंपरागत शिविर सालों से लगते आए हैं उनको अनुमति दी जा रही है। इसके अलावा नए शिविरों को अनुमति में काफी सावधानी बरती जा रही है। हाइवे एनएच-५८ पर अंसल कोटयार्ड के सामने श्रीशिव दुर्गा मंदिर समिति की ओर से शिविर लगाए जाने की तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं। ऐसी ही तैयारियां अन्य शिविरि संचालकों द्वारा भी की जा रही हैं।

TAGGED:
Share This Article